गाजियाबाद (युग करवट)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट के नाम पर फर्जी डोमेन बनाए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर जीडीए अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर सेल में एफआईआर दर्ज कराई है।
साथ ही आम जन को भी इस सम्बंध में जन सूचना जारी की गई है। जीडीए ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट का डोमेन नाम जीडीएगाजियाबादडॉटइन है तथा आधिकारिक एफसीएफएस पोर्टल का डोमेन नाम जीडीएएफसीएफएसगाजियाबादडॉटइन है। लेकिन जीडीए की आधिकारिक वेबसाइट से मिलते-जुलते नाम से एक फर्जी डोमेन तैयार करने का प्रयास किया जा रहा था, इसकी जानकारी अधिकारियों को मिली और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल ने निर्णय लिया है कि प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट से संबंधित सभी संभावित एवं मिलते-जुलते डोमेन नामों को प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहित या क्रय किया जाएगा।
ताकि भविष्य में कोई भ्रामक सूचना, फर्जी वेबसाइट बनाने का प्रयास न कर सकें। साथ ही जीडीए वीसी ने आम जन से अपील की है कि वह अधिकृत वेबसाइट व पोर्टल का ही उपयोग करें। अन्य किसी लिंक या वेबसाइट के प्रयोग से बचें।