गाजियाबाद (युग करवट)। क्राइम ब्रांच प्रभारी अनिल सिंह राजपूत व सिहानीगेट थाने के एसएचओ कुदीप कुमार दीक्षित की टीम ने अंतर्राज्जीय स्तर पर वाहन चुराने वाले गिरोह के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। दोनों बदमाशों के पास से चोरी की स्विफ्ट कार व फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुई। साथ ही वाहन चोरी की कई वारदातों के खुलासे की बात भी पुलिस ने कही। एसीपी क्राइम अमित सक्सैना ने बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी अनिल सिंह राजपूत को सूचना मिली थी कि दिल्ली, यूपी व एनसीआर में वाहन चोरी करने वाला गैंग सिहानीगेट थाना क्षेत्र में लग्जरी कार को चुराने की फिराक में है। इस सूचना के मिलते ही क्राइम ब्रांच ने सिहानीगेट थाना पुलिस के साथ मिलकर दो शातिर वाहनचोरों को दबोच लिया। पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम मेहताब उर्फ बच्चा निवासी मकान नंबर ३७५ राजीवनगर मण्डोली हर्ष विहार दिल्ली व शमीम उर्फ पिल्ी निवासी बी ६७ समर कॉलोनी लिसाड़ी गेट मेरठ हैं। श्री सक्सैना ने बताया कि दोनों वाहन चोरों का एक संगठित गिरोह है। जो वाहन चुराने के साथ साथ चोरी के वाहनों को भी ठिकाने पर लगाने में माहिर है। इन दोनों बदमाशों पर विभिन्न थानों मेें तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।