समय से करें बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पूरी
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। परीक्षाओं को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में चल रही हैं। वहीं परीक्षाओं को लेकर डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने भी कड़ा रूख अख्तियार करते हुए कहा है कि परीक्षाओं में किसी प्रकार की नकल नहीं होने दी जाएगी। अगर फिर भी कहीं नकल होती पाई गई तो सम्बंधित केन्द्र व्यवस्थापक जिम्मेदार होंगे और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी परीक्षा केन्द्र प्रभारियों को इस सम्बंध में कड़े निर्देश दिए गए हैं। ताकि इस दिशा में कड़ाई से पालन किया जा सके। डीएम ने बताया कि परीक्षा को लेकर जिले में तैयारी पूरी हो चुकी है। केन्द्र व्यवस्थापकों आदि का प्रशिक्षण भी हो चुके है। जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट आदि तैनात कर दिए गए हैं। ताकि परीक्षा पूरी तरह से शंातिपूर्ण व नकलविहीन हो। प्रश्नपत्रों को भी डबल लॉक की अलमारी में सुरक्षित रखा जाएगा और 24 घंटे वहां सीसीटीवी कैमरा होगा। ताकि प्रश्नपत्रों से छेड़छाड़ न हो सके। यूपी बोर्ड की परीक्षा को लेकर जिले में 64 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जहां इंटर-हाईस्कूल के 53 हजार 884 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पांच जोनल व 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।