गाजियाबाद (युग करवट)। हरियाली तीज के अवसर पर विभावरी हाउस वाइफ एसोसिशन द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी 25 जुलाई से दो दिवसीय विभावरी तीज मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस बार इस तीज मेले में बालीवुड अभिनेत्री दिव्या दत्ता ग्लैमर का तडक़ा लगाएगी। एसोसिएशन की चेयरपर्सन पिंकी मंगल ने प्रेसवार्ता में बताया किकविनगर स्थित ट्रिनिटी बैंक्वेंट हॉल में 25-26 जुलाई को तीज मेले का आयोजन किया जा रहा है। परम्परागत पर्व के साथ ही आधुनिक और ग्लैमर भी इस मेले की खूबसुरती को बढ़ाएगा। मेले में करीब 130 स्टॉल होंगे जिसमें आर्टिर्फिशयल ज्वलैरी, घरों की सजावट का सामान, डिजाइनर कपड़े, हस्तशिल्पियों के बने उत्पाद उपलब्ध होंगे। इसके अलावा महिलाओं द्वारा खुद से तैयार उत्पादों के भी स्टॉल लगाए जाएंगे ताकि महिलाओं को खरीददारी का एक बेहतर मंच मिल सके। मेले में विभिन्न खेलों के साथ प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा तो वहीं विशेष रूप से फूड स्टॉल भी लगाया जाएगा जहां विभिन्न पकवान उपलब्ध कराएं जाएंगे। अध्यक्ष चारू जैन ने बताया कि मेले का शुभारंभ 25 जुलाई को अभिनेत्री दिव्या दत्ता द्वारा किया जाएगा। एसोसिएशन का यह 29वां मेला होगा, जहां पर्व की खरीददारी से लेकर हरियाली तीज का उत्सव महिलाएं धूमधाम से मनाएंगी। इस मौके पर आशिमा जैन, रितु गोयल, गुरी जनमेजा, अनिता गुप्ता, रिया गर्ग, रीमा लाहोटी आदि क्लब की सदस्य मौजूद रहीं।