डीएमई पर सडक़ हादसे में
प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। आज तडक़े लगभग पांच बजे के आस-पास भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे पर कलछीना गांव के सामने हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में तीन कांवडिय़ों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद जहां अन्य कांवडिय़ों ने डीएमई पर हंगामा किया वहीं सूचना मिलने पर एसएचओ भोजपुर राजकिशोर सिंह रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गये। इसके बाद एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने भी दुर्घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस के अनुसार तीनों कांवडिय़ों को मोदीनगर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के अनुसार इस हादसे के बाद दिल्ली मरेठ एक्सप्रेस वे पर काफी देर तक जाम की स्थिति भी बनी रही। यह जानकारी देते हुए एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में जो बात सामने आई है उससे पता चला है कि ज्ञान प्रकाश पुत्र जवाहर सिंह निवासी कलाई अलीगढ़ हाल झज्जर हरियाणा अपने दो साथियों राजकुमार व प्रदीप के साथ बाईक के द्वारा गंगाजल लेने जा रहा था। जैसे ही वो तीनों कलछीना गांव के सामने पहुंचे तो उनकी बाईक किसी वाहन से टकरा गई। श्री वर्मा ने बताया कि अभी तक प्रदीप व राजकुमार की शिनाख्त भी उनके हाथों पर खुदे नाम की आधार पर हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन दोनों के नामक क्या यही हैं अथवा कुछ और हैं, वो कहां के रहने वाले थे और उनकी वाहन किस वाहन से टकराई अथवा किस वाहन ने उन्हें टक्कर मारी। उन्होंने बताया कि जहां हादसा हुआ वहां पर लगा सीसीटीवी कैमरा दूसरी दशा में घूमा हुआ मिला। जिसके चलते हादसे को कारित करने वाले वाहन की पहचान नहीं हुई।