लखनऊ (युग करवट)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी की अचानक तबीयत बिगडऩे के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्हें हार्ट अटैक आने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल उनकी हालत पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी रखे हुए है और इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज जारी है। हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक हार्ट अटैक की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि तबीयत बिगडऩे के तुरंत बाद उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू कर दिया। उनकी स्थिति का आकलन करने के लिए आवश्यक चिकित्सीय जांच भी की जा रही हैं। अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि मरीज की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत के अनुसार, सभी चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। राजेंद्र चौधरी के अस्वस्थ होने की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर राजेंद्र चौधरी के स्वास्थ्य की जानकारी ली।