कल से शुरू होगा रामलीला का मंचन
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। विजय नगर स्थित रामलीला डिफेंस लैंड में श्री सनातन धर्म रामलीला कमेटी ट्रस्ट की ओर से रामलीला महोत्सव सात से 22 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव का मुख्य आर्कषक राम बारात व रावण दहन होगा। समिति द्वारा 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में समिति के अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार गुप्ता और महासचिव सतीश शर्मा ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ गणेश पूजन और शोभायात्रा के साथ होगा। 13 अक्टूबर को श्री राम बारात का आयोजन किया जाएगा। इस समिति द्वारा एक बेटी का प्रतीकात्मक विवाह कराया जाएगा, जिसमें समिति द्वारा बेटी के विवाह के आवश्यक सामान आदि प्रदान किया जाएगा। 21 अक्टूबर को भगवान राम का राजतिलक और आतिशबाजी होगी। 22 अक्टूबर को श्री खाटू श्याम संकीर्तन के साथ महोत्सव का समापन होगा। 70 फीट के रावण के पुतले के अलावा 65 फीट कुंभकरण ओर 60 फीट का मेघनाथ का पुतला होगा। समिति अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार गुप्ता ने बताया कि मंच पर रामलीला का मंचन परम्परागत रूप से मंडली द्वारा किया जाएगा। मंच पर एलईडी स्क्रीन भी होगी जो मंचन के साथ सजीव दृश्य प्रदर्शित करेगी। इसके अलावा बच्चों के लिए आर्कषक झूले व फूड स्टॉल भी होंगे। इस दौरान कोषाध्यक्ष गिरीश मेहता, सह संयोजक बाबूराम गौतम, देवेन्द्र त्रिपठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेन्द्र अग्रवाल, सुनील कुमार शर्मा, सहसचिव रवि कौशिक, उपाध्यक्ष अरविंद कौशिक, विकास त्यागी, मनोज नागर, प्रचार मंत्री प्रदीप वर्मा मौजूद रहे।