गाजियाबाद (युग करवट)। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा जिले के पीआरडी जवानों का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक संजीव शर्मा ने शिरकत की। इस दौरान सबसे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी जवानों को ऑनलाइन सम्बोधित किया, जिसका लाइव प्रसारण भी देखा गया। इसके उपरांत सदर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि प्रांतीय रक्षक दल सबसे पुराना दल है। जो पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनका सहयोग करता है। बड़े आयोजनों को नियंत्रित करने में पीआरडी जवानों की भी प्रमुख भूमिका रहती है। अब से पहले की सरकारों में पीआरडी जवानों को उतना मानदेय तक नहीं मिलता था, लेकिन अब इनके मानदेय में भी वृद्घि की गई है। इस दल का नारा ही है ‘अनुशासन हमारी पहचान सेवा हमारा’ अभियान और यह जवान इसी के साथ मुस्तैदी के साथ अपना कर्तव्य निभाते हैं। यह हमारे समाज की शान है। इस दौरान उत्कृष्टï सेवाओं के लिए पीआरडी जवानों को सम्मानित भी किया गया। इससे पूर्व सीडीओ कुमार सौरभ ने शहर विधायक को बुके देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक प्रदीप द्विवेदी आदि मौजूद रहे।