गाजियाबाद (युग करवट)। लोनी के रामपार्क स्थित सिद्ध बाबा मंदिर के समक्ष आयोजित श्रीरामकथा के पांचवें दिन भगवान श्रीराम की बाल लीलाओं एवं भगवान परशुराम से जुड़े प्रसंगों का वर्णन किया गया। कथा व्यासपीठ से जैसे ही श्रीराम की बाल लीलाओं का वर्णन हुआ, पूरा पांडाल जय श्रीराम के उदघोष से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए। इस अवसर पर नोएडा विधायक एवं भाजपा उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने व्यासपीठ का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने लोनी में आयोजित इस श्रीरामकथा के लिए विधायक नंदकिशोर गुर्जर को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को अपनी जड़ों और सनातन संस्कृति से जोडऩे का कार्य करते हैं। उन्होंने कलश यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए इसकी व्यापकता और जनसहभागिता की सराहना की। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि श्रीराम की बाल लीलाएं हमें मर्यादा, विनम्रता और आदर्श जीवन का संदेश देती हैं, वहीं भगवान परशुराम का प्रसंग धर्म की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्प की प्रेरणा देता है। लोनी की पावन धरा पर उमड़ रहा यह जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि हमारी सनातन संस्कृति आज भी जन-जन के हृदय में जीवंत है। यह आयोजन समाज को एकजुट करने और आने वाली पीढिय़ों को संस्कारित करने का सशक्त माध्यम बन रहा है।