लखनऊ (युग करवट)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में क्रिकेट की प्रतिभाओं को आगे बढऩे के लिए अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। यूपी टी-20 इसी सोच के साथ प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दे रहा है। सीएम ने कहा कि उन्हें वह समय याद है, जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के आयोजन के दौरान उन्होंने बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, यूपीसीए के वाइस प्रेसीडेंट राकेश मिश्रा के समक्ष प्रदेश में क्रिकेट को लेकर अवसर बढ़ाने की बात रखी थी।
आज प्रदेश की छह टीमें यूपी टी-20 के विशेष सीजन में हिस्सा ले रही हैं, यह देखकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी टी-20 में काशी रुद्रा, मेरठ, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर और नोएडा की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन टीमों के माध्यम से पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक के खिलाडय़िों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। इस तरह के आयोजनों से खिलाडय़िों को प्रतिस्पर्धी माहौल मिलता है। साथ ही कोच, मेंटर, सपोर्टिंग स्टाफ और स्टेडियम से जुड़े लोगों को भी अपनी क्षमता के प्रदर्शन का अवसर मिलता है। बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से युवा खिलाडय़िों की प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना, युवा क्रिकेटर अभिषेक शर्मा, संगीतकार शंकर महादेवन मौजूद रहे।