गाजियाबाद (युग करवट)। हाल में सोशल मीडिया पर एक ऐसी वीडियो वायरल हो रही है जिसमें यह दर्शाया गया है कि इंदिरापुरम थाने में तैनात पुलिसकर्मी पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर पैसों की डिमांड कर रहा है। इस वीडियो की सत्यता के बारे में एसीपी इंदिरापुरम सूयबली ने बताया कि जब उन्होंने वायरल वीडियो को अपने संज्ञान में लेकर उसकी जांच कराई तो पता चला कि वीडियो काफी पुरानी है। साथ ही यह भी मालूम हुआ कि वीडियो में जो पुलिसकर्मी दिखाई दे रहा है उसकी पोस्टिंग वर्तमान में इंदिरापुरम थाने में नहीं है। श्री मौर्य ने कहा कि वह इस मामले की गहन जांच कर रहे है। साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।