सीएम योगी ने लिखा पिलखुवा नगर पालिका चेयरमैन विभू बंसल को पत्र
गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिलखुवा नगर पालिका चेयरमैन विभू बंसल को पत्र लिखा है। इस पत्र में जहां उन्होंने विभु बंसल की कार्यप्रणाली की सराहना की है वहीं उत्तर प्रदेश की पूर्व और वर्तमान स्थिति को जिक्र करते हुए उनसे उत्तर प्रदेश के विकास में योगदान देने की अपेक्षा भी की गई है। सीएम योगी ने पत्र में विभु बंसल के सपरिवार सहित स्वास्थ्य की कामना करते हुए लिखा है कि आप जैसे सामाजिक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। आप समाज के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते हैं और उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाते हैं। आपका परिश्रम, संवेदनशीलता और समाज के प्रति समर्पण जरूरतमंदों के जीवन में परिवर्तन लाने के साथ ही समाज को अधिक संवेदनशील और सशक्त बनाने में भी योगदान देता है। जनसेवा के प्रति आपके इस समर्पण के लिए मैं आपके प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। सीएम योगी ने आगे पत्र में लिखा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में जनहित में कार्य करना कठिन था। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब थी और माफिया एवं गुंडाराज तथा अराजकता का प्रभाव समाज के प्रत्येक वर्ग पर था। जनहित की आवाज उठाने वालों पर दबाव और भय का वातावरण बना रहता था। 2017 में सरकार बनने के बाद हमने कानून के राज को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। अपराधियों के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई, सुदृढ़ पुलिसिंग के माध्यम से ऐसा वातावरण बनाया गया, जिसमें प्रत्येक नागरिक निर्भय होकर अपने अधिकारों और हितों के लिए आवाज उठा सके। इसी के साथ डबल इंजन सरकार ने गरीब, वंचित, वृद्ध, दिव्यांग, महिला, युवा, अन्नदाता किसान के जीवन में व्यापक परिवर्तन के लिए अनेक योजनाएं संचालित की है। इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण है, क्योंकि आप जमीनी स्तर पर लोगों की वास्तविक जरूरतों और समस्याओं को सबसे बेहतर समझते हैं। आपकी सक्रिय भागीदारी से वे लोग भी इन योजनाओं से जुड़ सकते हैं, जो किसी कारणवश अभी इनसे वंचित हैं। सीएम योगी ने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश और प्रदेश सबका साथ, सबका विकास के भाव के साथ आगे बढ़ रहे हैं। सशक्त उत्तर प्रदेश का संकल्प केवल सरकार का नहीं, अपितु समाज के प्रत्येक नागरिक का साक्षा संकल्प है। सीएम योगी ने इस पत्र में विभू बंसल से अपील की कि आप अपने सामाजिक जुड़ाव के माध्यम से सरकारी प्रयासों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाकर व्यवस्था को और अधिक जनोन्मुखी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही विश्वास जताया कि उनका सेवा भाव संवेदनशीलता और जनसरोकार विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की इस यात्रा को और मजबूत करेगा।