नोएडा (युग करवट)। इंटर नेशनल ट्रेड शो में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा प्रदर्शनी स्टॉल के माध्यम से गाजियाबाद में किए जा रहे एवं प्रस्तावित प्रमुख विकास कार्यों, आधारभूत संरचना परियोजनाओं तथा भविष्य की सुनियोजित विकास योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। इस संस्करण में 2,400 से अधिक प्रदर्शक, 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार तथा 85 देशों की भागीदारी प्रस्तावित है। जीडीए के स्टॉल पर प्रदर्शित परियोजनाओं के माध्यम से विकास से समृद्धि की ओर की संकल्पना को रेखांकित करते हुए गाजियाबाद को आधुनिक, हरित, बेहतर कनेक्टिविटी से युक्त तथा नागरिक सुविधाओं की दृष्टि से विकसित शहर के रूप में आगे बढ़ाने की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।
जीडीए की महत्वाकांक्षी हरनंदीपुरम आवासीय योजना को प्रदर्शनी में प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। लगभग 501 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित इस योजना में सुनियोजित आवासीय सेक्टरों के साथ सडक़, हरित क्षेत्र, पार्क, नागरिक सुविधाओं एवं बेहतर कनेक्टिविटी का समावेश किया जा रहा है। राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम भी जीडीए के प्रदर्शनी स्टॉल का प्रमुख आकर्षण रहा। हिंडन एयरपोर्ट के आसपास प्रस्तावित एयरोसिटी टाउनशिप को भी भविष्य के विकास विजन के महत्वपूर्ण घटक के रूप में प्रदर्शित किया गया। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए हापुड़ चुंगी पर चार लेन फ्लाईओवर एवं सर्विस, स्लिप रोड की परियोजना को भी प्रदर्शित किया गया। एलिवेटेड रोड पर लगभग 90 करोड़ की लागत से दो नई स्लिप रोड विकसित किए जाने की योजना भी शहर की कनेक्टिविटी को बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जीडीए द्वारा शहर में विभिन्न थीम आधारित पार्कों के विकास को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया। इनमें आनंद वाटिका, विकसित भारत एक्सपीरियंस पार्क, संस्कृति दर्शन पार्क तथा रामायण थीम आधारित पार्क प्रमुख हैं।मधुबन-बापूधाम में रामायण काल की आनंद वाटिका की थीम पर पार्क विकसित किए जाने की योजना भी शामिल है, जिसमें औषधीय एवं फलदार पौधों सहित हरित क्षेत्र विकसित किए जाने का प्रावधान है। प्रदर्शनी में गाजियाबाद के वर्तमान विकास कार्यों के साथ-साथ भविष्य की योजनाओं की समग्र तस्वीर प्रस्तुत की गई।