बेशक रिटायर्ड जनरल वीके सिंह मिजोरम के राज्यपाल हैं, मगर गाजियाबाद से यह उनका लगाव ही है कि वह यहां की हर खबर पर गंभीरता से नजर रखते हैं। अंतर्राष्टï्रीय एथलीट डाक्टर ऋचा सूद ने खुलासा करते हुए हुए आरोप लगाया था कि महामाया स्टेडियम में शनिवार व रविवार की सुबह ताला लगा रहता है। युग करवट ने इस समाचार को काफी प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद कल शुक्रवार को इसी कॉलम में डीएम गाजियाबाद को संज्ञान लेना चाहिए था शीर्षक से लिखा गया था। मैंने लिखा था कि खिलाडिय़ों को हो रही इस असुविधा पर गाजियाबाद के जिलाधिकारी को स्वंय संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए थी। जिलाधिकारी को खेल विभाग को निर्देश देने चाहिए थे कि शनिवार व रविवार को अधिकांश युवा खिलाड़ी काम से छुटटी पर रहते हैं। साप्ताहिक अवकाश होने के कारण शनिवार व रविवार को महामाया स्टेडियम खुलना ही चाहिए। इस कॉलम के प्रकाशित होने के बाद मिजोरम के राज्यपाल रिटायर्ड जनरल वीके सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने युग करवट से पूरे मामले की जानकारी ली। राज्यपाल वीके सिंह ने गाजियाबाद के खिलाडिय़ों के दर्द को समझा, उनकी पीड़ा को महसूस किया। उन्होंने कहा कि खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खेलों को सपोर्ट करते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी खिलाडिय़ों को सुविधा देने के पक्ष में रहते हैं। फिर गाजियाबाद में खिलाडिय़ों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। रिटायर्ड जनरल वीके सिंह वर्ष 2014 से 2024 तक गाजियाबाद के सांसद रहे। उसके बाद उन्हें मिजोरम का राज्यपाल बना दिया गया। तब लोगों को लगा था कि वह गाजियाबाद से दूर हो गए हैं। लेकिन न केवल वीके सिंह बल्कि उनका पूरा परिवार आज भी गाजियाबाद से जुड़ा हुआ है। हर किसी के सुख दुख में साथ रहता है। लगातार आना जाना बना रहता है। हापुड़ चुंगी पर फ्लाइओवर की बात हो या रेलवे स्टेशन के सौन्द्रयकरण का मामला हो, वह गाजियाबाद के विकास के लिए लगातार सरकार से पत्राचार करते रहते हैं।