करीब बीस मिनट मंदिर परिसर में रहे सीएम योगी
गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने आज सुबह ऐतिहासिक दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान दूधेश्वरनाथ का जलाभिषेक किया और प्रदेश की सुख समृद्घि व लोकमंगल की कामना की। सुबह 9.24 मिनट पर सीएम योगी दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे। जहां परिसर में पहुंचते ही भक्तों ने हर-हर महादेव और जय श्रीराम का उद्घोष किया। सीएम योगी ने वहां मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद उन्होंने गर्भगृह पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक, दुग्धभिषेक कर पूजन किया। इसके उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित संतों की समाधि पर पुष्प अर्पित किए और नंदी महाराज के भी दर्शन किया। मंदिर के वेद विद्यपीठ के प्राचार्य पंडित त्योराज व आचार्य लक्ष्मीकांत पाढी सहित पीठ के छात्रों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं शिव स्तुति के साथ पूजन सम्पन्न कराया। इस दौरान सीएम योगी ने मंदिर परिसर में वेद अध्ययन कर रहे बटुकों व संस्कृत शिक्षार्थियों से संवाद भी किया। इसके उपरांत सीएम योगी ने संत सम्मेलन में आए साधु-संतों से भेंट कर उनका आर्शीवाद लिया। मंदिर के महंत नारायण गिरी महाराज व हरिगिरी महाराज ने सीएम योगी को मां सरस्वती की प्रतिमा व वेद विभा पुस्तक भेंट की। करीब बीस मिनट मंदिर परिसर में रूकने उपरांत सीएम योगी का काफिला वहां से रवाना हो गया। इस अवसर पर महंत नारायण गिरी महाराज ने कहा कि सीएम योगी का सनातन धर्म को आगे बढ़ाने का काम रहे हैं। आज उन्होंने भगवान दूधेश्वर का आर्शीवाद लिया और लोकमंगल की कामना की। साथ ही मंदिर कॉरिडोर को लेकर भी सीएम ने चर्चा की है। यह प्रदेश का सौभाग्य है कि उन्हें ऐसे सीएम मिले हैं। इस दौरान शहर विधायक संजीव शर्मा, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, मंदिर के महंत नारायण गिरी महाराज, पुलिस आयुक्त जे.रविन्द्र गौड़, डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़, जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल, अजय चोपड़ा, बीके शर्मा हनुमान, पंडित ईश्वर महाराज, विजयागिरी महाराज, एसआर सुथार आदि मौजूद रहे।