नोएडा (युग करवट)। नई दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 से 3 दिसंबर 2026 तक होने वाली मजदूर रैली और संसद मार्च को सफल बनाने के लिए सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस की गौतमबुद्ध नगर जिला कमेटी ने जनजागरण अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत सूरजपुर, देवला और उद्योग विहार समेत विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में पर्चे बांटकर श्रमिकों से दिल्ली पहुंचने की अपील की जा रही है। इस दौरान जन नाट्य मंच के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों का मंचन कर मजदूरों की समस्याओं और उनके अधिकारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। साथ ही कामगारों से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया गया।
सूरजपुर और देवला, उद्योग विहार ग्रेटर नोएडा में आयोजित नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए सीटू गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार राघव, महासचिव रामस्वारथ और सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि मजदूरों को अपने अधिकारों, रोजगार की सुरक्षा, सम्मानजनक वेतन और सामाजिक सुरक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की जरूरत है। उन्होंने कामगारों से आपसी एकता और संगठन की ताकत मजबूत करने तथा 1 से 3 दिसंबर तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली और संसद मार्च में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी करने की अपील की।