अखिलेश यादव के 26 सीटों के ऑफर पर भडक़ी कांग्रेस
लखनऊ (युग करवट)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट-बंटवारे की बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी द्वारा अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने पर, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने कहा है कि मुझे यह समझ नहीं आ रहा है। यह मेरी समझ से बाहर है। इमरान का कहना है कि इस पर पार्टी को ही फैसला लेना होगा, मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा। क्या हम भिखारी हैं? क्या आप हमारे साथ ऐसा बर्ताव करेंगे कि हमने आपसे सीटों की मांग भी नहीं की और आपने 26 सीटों की घोषणा कर दी? हमने तो आपसे सीटों की मांग ही नहीं की थी। तो अगर आपका काम करने का तरीका यही है कि आप अपनी शर्तें थोपेंगे, तो मुझ जैसे स्वाभिमानी व्यक्ति को ये बातें समझ नहीं आतीं। इस दौरान उन्होंने शायराना अंदाज में कहा, उनको अच्छी नहीं लगती बुलंदी मेरी, शायद उनकी परवाज बहुत खलती है, बस यही एक जवाब है, कांग्रेस चाहती थी क्यों कह रहे हैं आप, कांग्रेस जब भी जरूरत होगी उम्मीदवार उतारेगी। इसमें बड़ी बात क्या है? अगर आप गठबंधन के बीच में ऐसा करते हैं, तो यह गठबंधन नहीं है। इसका मतलब है कि आपकी तरफ से कोई गंभीरता नहीं है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस को अपनी पार्टी के भीतर चर्चा करनी होगी कि सपा के साथ बातचीत जारी रखनी चाहिए या नहीं। मसूद ने सवाल उठाया कि सपा आखिर भाजपा से लडऩा चाहती है या कांग्रेस से? सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव द्वारा कांग्रेस को 26 सीटों की सूची दिए जाने की बात कही थी। मंगलवार को सपा प्रमुख ने एक्स पर लिखा, जीतने वाली 26 सीटों से हुई है शुरुआत, मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात। लेकिन कांग्रेस 26 सीटों पर सहमत नहीं है।
ये सीटें देने की हुई है पेशकश
सूत्रों के मुताबिक, जो 26 सीटें कांग्रेस को दिए जाने की बात कही जा रही है। उनमें रामपुर खास, फरेंदा, मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर, किदवई नगर, बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा, वाराणसी कैंट शामिल है।