रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए अखिलेश यादव को
लखनऊ (युग करवट)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है। मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव आस्था के अनुरूप अभिवादन हैं। विदाई में राम नाम सत्य कहा जाता है। अखिलेश यादव के अयोध्या जाने पर उन्होंने कहा कि दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं। यदि नब्बे के दशक में सपा नेतृत्व को सदबुद्धि आई होती तो रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलतीं।
अब उन्हें रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने सपा के पीडीए को परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी बताते हुए कहा कि उसकी राजनीति परिवार तक सीमित है। भाजपा का मतदाता प्रत्येक राष्ट्रवादी नागरिक है, जो संविधान और विरासत का सम्मान करता है। उनकी किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसका सामना करना संन्यासी का दायित्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन चुनाव से पहले ही विफल हो चुका है। एक ओर बैठकें चल रही हैं, दूसरी ओर प्रत्याशी घोषित हो रहे हैं। उन्होंने तंज कसा कि दोनों दलों ने प्याज भी खाया और जूता भी।
भाजपा और एनडीए के सहयोगी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। प्रत्याशियों का चयन पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया से होगा। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा विदेशी घुसपैठियों को अपना मानती है, जबकि भारतीय नागरिकों पर सवाल उठाती है। उन्होंने कहा कि वह 1992 से गोरखपुर में रह रहे हैं। उत्तराखंड की देवभूमि और सीमा सुरक्षा में वहां के जवानों का योगदान सम्माननीय है।
विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को उन्होंने मतदाता सूची शुद्ध करने की प्रक्रिया बताया। मृतकों और स्थान बदल चुके मतदाताओं के नाम हटाए जाने चाहिए।
प्रत्येक पात्र भारतीय का नाम सूची में रहे, लेकिन विदेशी नागरिक को मताधिकार नहीं मिल सकता। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। आगामी 26 जनवरी तक साढ़े दस लाख नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सर्वमान्य नेता और अपना आदर्श बताया। स्वयं को पार्टी का सामान्य सिपाही बताते हुए कहा कि भविष्य में मिलने वाली जिम्मेदारी निभाएंगे। कमल का फूल पार्टी के लिए सब कुछ है और वह इसी चुनाव चिह्न पर लड़ेंगे।