नोएडा (युग करवट)। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने बेवफाई से आहत होकर किन्नर की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है।
पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के अंतर्गत तुगलपुर गांव में रहने वाले किन्नर मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी की हत्या की सूचना 24 मई की देर रात को पुलिस को मिली। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि किन्नर चांदनी के साथ अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव पुत्र चेतन सिंह निवासी जनपद अलीगढ़ रहता था। आसपास के लोगों ने बताया कि अभिषेक ने ही चांदनी की हत्या की है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी। डीसीपी ने बताया कि आज सुबह के समय पुलिस को सूचना मिली की किन्नर की हत्या करने का आरोपी सेक्टर 148 मेट्रो लाइन के पास खड़ा है। पुलिस ने वहां पर छापेमारी की तथा आरोपी को घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली अभिषेक उर्फ मानव पुत्र छतर सिंह उम्र 26 वर्ष के पैर में लगी है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी अभिषेक किन्नर चांदनी से प्रेम करता था। उसके प्रेमी के रूप में उसके साथ एक ही घर मे रहता था। इसी बीच चांदनी के किसी और व्यक्ति से भी संबंध बन गए। इस बात को लेकर अभिषेक और चांदनी के बीच झगड़ा हुआ तथा घटना वाले दिन उसने उसकी हत्या कर दी थी।