गाजियाबाद (युग करवट)। साहिबाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहर पार्क शहीदनगर कॉलोनी में उस समय दहशत का माहौल व्याप्त हो गया जब स्कूटी पर सवार होकर आये दो युवकों ने एक मकान को टारगेट बनाते हुए उस पर अंधाधुंध फायरिंग की। फायरिंग करने के बाद दोनों युवक हवा में हथियार लहराते हुए वहां से भाग गये। इस घटना के संदर्भ में पूर्व पार्षद सरदार सिंह भाटी व घटनास्थल के आस-पास रहने वाले कई लोगों ने बताया कि हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिये एक दर्जन से अधिक राउंड गोलियां चलाई। श्री भाटी ने बताया कि गोली चलाने वाले जहां पूरी तरह से बेखौफ लग रहे थे वहीं उनकी मंशा इलाके की फिजा को भी खराब करने की दिखाई दे रही है। इस घटना की सूचना मिलते ही साहिबाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच करने व हमलावरों को आईडेेंटीफाई करने में जुट गई। इस संदर्भ में एसीपी अमित सक्सैना का कहना है कि पुलिस फायरिंग करने वाले अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लेगी।