जिले में बनाए गए हैं 44 परीक्षा केन्द्र
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। जिले के 44 केन्द्रों पर आज दूसरे चरण की प्रारंभिकत अर्हता परीक्षा (पीईटी) आयोजित की गई। जिले में इस परीक्षा के लिए 20 हजार से अधिक अभ्यार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा की पहली पाली सुबह दस बजे से शुरू हुई। लेकिन खराब मौसम और सुबह से हो रही बारिश के चलते अभ्यार्थियों को परीक्षा केन्द्रों में पहुंचने पर दिक्कतें का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण वाहन मिलना भी मुश्किल रहा। ऐसे में अभ्यार्थियों को बारिश में भीगते हुए परीक्षा केन्द्र पहुंचना पड़ा। परीक्षा से करीब एक घंटा पहले से ही एंट्री मिलना शुरू होता है जिसमें परीक्षार्थियों को सघन जांच से होकर गुजरना पड़ता है। रात भर हुई बारिश के कारण कई परीक्षा केन्द्रों के रास्तों में पानी भरा होने, कई केन्द्रों के परिसर में भी पानी भरा मिला।
परीक्षा की पहली पाली दोपहर 12 बजे सम्पन्न हुई तो वहीं शाम तीन बजे से पांच बजे तक दूसरी पाली की परीक्षा की गई। परीक्षा का तीसरा चरण एक नवंबर को होगा। जिले के 44 केन्द्रों पर परीक्षा कराई गई। सभी केन्द्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात थे तो वहीं जोनल मजिस्ट्रेट द्वारा भी लगातार भ्रमण किया गया। परीक्षा देकर लौटे परीक्षार्थियों ने बताया कि परीक्षा में कुछ प्रश्न काफी घुमा कर पूछे गए थे। तो कई प्रश्नों को हल करने में मशक्कत करनी पड़ी। नोडल अधिकारी एडीएम सिटी विकास कश्यप ने बताया कि परीक्षा सुबह समय से सम्पन्न हुई। कहीं कोई परेशानी सामने नहीं आई। परीक्षा में नकल रोकने के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं।