रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया बलदेव राज शर्मा की पुस्तक का विमोचन
नई दिल्ली (युग करवट)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गाजियाबाद निवासी प्राविधिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री बलदेव राज शर्मा की पुस्तक मेरे संस्करण मेरी धरोहर (जनसंघ से भाजपा तक) का विमोचन किया। इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने कहा कि बलदेव राज शर्मा उनके और उनके परिवार के लिए अभिभावक की तरह हैं। उनकी इस पुस्तक से भाजपा से जुड़े लोगों और अन्य नागरिकों को निश्चित रूप से बहुत लाभ होगा। पुस्तक का विमोचन नई दिल्ली में 17 अकबर रोड स्थित राजनाथ सिंह के निवास में हुआ। समारोह में बलदेव राज शर्मा के सभी परिजनों के साथ गाजियाबाद के चुनिंदा लोग शामिल रहे। इनमें साहिबाबाद के विधायक एवं यूपी के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, शिक्षाविद व वरिष्ठ भाजपा नेता पृथ्वी सिंह कसाना, युग करवट अखबार के प्रधान संपादक सलामत मियां, कवि राज कौशिक और बिंदेश दीक्षित बॉबी प्रमुख रहे। समारोह का काव्यात्मक संचालन राज कौशिक ने किया।
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बलदेव राज शर्मा ने अपना पूरा जीवन भाजपा एवं समाज की सेवा में लगा दिया है। 88 वर्ष की अब तक की जीवन यात्रा के दौरान उन्होंने तमाम महत्वपूर्ण संस्मरण और जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा को इस पुस्तक का हिस्सा बनाया है। राजनीति में रुचि रखने वाले लोग चाहे वो किसी भी दिल से संबंधित हों, इस पुस्तक से बहुत लाभान्वित होंगे। राजनाथ सिंह ने कहा कि जब वो गाजियाबाद से चुनाव जीत कर सांसद बने तो अपना अधिकृत प्रतिनिधि किसे बनाएं, ये एक बड़ा सवाल उनके सामने था। हर पहलू से देखने परखने के बाद बलदेव राज शर्मा का नाम उन्होंने तय किया और तभी से बलदेव राज शर्मा उनके और उनके परिवार के अभिभावक की तरह बने हुए हैं। चाहे कितनी ही व्यस्तता हो लेकिन जब भी बलदेव राज शर्मा समय मांगते हैं तो उनकी पहली प्राथमिकता उन्हें समय देने की रहती है।
पुस्तक के लेखक और गाजियाबाद के सबसे वरिष्ठ भाजपा नेता बलदेव राज शर्मा ने अटल बिहारी वाजपेई और लाल कृष्ण आडवाणी से जुड़े कुछ संस्करण सुनाए। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह जैसे साफ छवि वाले और सर्व स्वीकार्य राजनेता की देश और देश की राजनीति को बहुत आवश्यकता है। वरिष्ठ भाजपा नेता पृथ्वी सिंह कसाना ने राजनाथ सिंह और सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि लखनऊ से लेकर दिल्ली तक राजनाथ सिंह ऐसे नेता के तौर पर दिखाई देते हैं जो कार्यकर्ताओं को ना सिर्फ व्यक्तिगत रूप से जानते हैं बल्कि समय-समय पर उनके कंधों पर हाथ रखकर उनके हाल-चाल पूछ कर उनका हौसला बढ़ाते रहते हैं। गाजियाबाद सांसद के तौर पर उनका कार्यकाल राजनीतिक इतिहास में हमेशा स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।
पुस्तक विमोचन समारोह का संचालन कर रहे वरिष्ठ पत्रकार एवं कवि राज कौशिक ने कहा कि एक दशक से अधिक समय बीत जाने के बाद भी गाजियाबाद लोगों के प्रति राजनाथ सिंह का स्नेह और गाजियाबाद के लोगों का राजनाथ जी के प्रति अपनेपन का भाव बराबर बना हुआ है। कार्यक्रम की शुरुआत में बलदेव राज शर्मा ने फूलों की माला पहनाकर और उनके पुत्र पूर्व पार्षद विपुल शर्मा एवं पौत्र कविनगर के पार्षद शिवम शर्मा ने गणेश जी की प्रतिमा देकर रक्षा मंत्री का स्वागत किया। शर्मा परिवार के दामाद हर्षवर्धन शांडिल्य, राकेश शर्मा, सुनील कौशिक, कुलदीप शर्मा, एडवोकेट कमलकांत शर्मा, निश्चित चौहान, गौरव नागपाल, अंकित आवल व तन्मय गुप्ता और निकट संबंधी प्रमोद गुप्ता एवं संजय आवल, बलदेव राज शर्मा के बहुत निकट मित्र सज्जाद कुरैशी एवं पुत्र शादाब कुरैशी ने गुलाब के फूल बैठकर राजनाथ सिंह का अभिनंदन किया। गोवर्धन से आए बिंदेश दीक्षित बॉबी ने राजनाथ सिंह और बलदेव राज शर्मा को राधा नामी दुपट्टे पहनाए। उल्लेखनीय है कि गाजियाबाद के किसी भी राजनीतिज्ञ के इस तरह के समारोह का आयोजन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के निवास पर पहली बार ही हुआ है।