गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजातीय संस्कृति संस्थान के सानिध्य में प्रशिक्षिका सुहानी गुप्ता द्वारा बीते 10 दिनों से गाजियाबाद स्थित प्राथमिक विद्यालय, प्रहलादगढ़ी में सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत चल रही ऋतु गीतों की कार्यशाला का समापन हो गया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। इन 10 दिनों में विभिन्न ऋतु गीत जैसे वर्षा, बसंत के गीत आदि सिखाए गए। जिसके माध्यम से प्रशिक्षिका द्वारा विद्यार्थियों को अपनी कला, प्रकृति एवं संस्कृति के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सांगीतिक ज्ञान से भी परिचित कराने का सफल प्रयास किया गया। अंतिम दिवस में विद्यालय की अन्य शिक्षिकाओं की उपस्थिति में वहांँ की प्रधानाध्यापिका रश्मि थपलियाल द्वारा कार्यशाला में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र से प्रोत्साहित किया गया।