गाजियाबाद (युग करवट)। एमएमजी अस्पताल में संविदा पर तैनात सफाई कर्मियों का दो माह से वेतन न मिलने पर आज उनका गुस्सा फूट पड़ा। सफाई कर्मियों ने जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राकेश सिंह के कक्ष में पहुंचकर उनका घेराव किया और वेतन रिलीज कराने की मांग की हैं। सफाई कर्मियों का आरोप है कि त्यौहारों का समय आ गया है लेकिन अभी तक उनका वेतन जारी नहीं किया गया है। दो महीने से सिर्फ उन्हें टरकाया जा रहा है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इतना ही नहीं वेतन भी उन्हें निर्धारित तारीख पर नहीं दिया जाता है। सफाई कर्मियों का कहना है कि उनसे काम पूरा लिया जा रहा है, मगर वेतन के नाम पर एजेंसी चुप्पी साध जाती है। बता दें कि जिला अस्पताल में सफाई कर्मी सहित विभिन्न पदों पर संविदा पर कर्मियों को तैनात किया गया है। एजेंसी द्वारा ही उनका वेतन रिलीज किया जाता है। लेकिन पिछले दो महीने से कर्मियों का वेतन न आने पर आक्रोषित कर्मियों ने सीएमएस का घेराव कर उनका वेतन रिलीज कराने की मांग की हैं।