कल सुबह आठ बजे से होगा मतदान
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। एमएलसी शिक्षक व स्नातक के चुनाव के लिए आज पोलिंग पार्टियां इंग्राहम इंटर कॉलेज से रवाना की गई।
कल सुबह आठ बजे से एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू होगा, जो शाम चार बजे तक चलेगा। जिले में एमएलसी स्नातक चुनाव के लिए 60 बूथ बनाए गए हैं। पांचों विधानसभा में बूथ बनाए गए हैं। जहां 31169 मतदाता वोट करेंगे। वहीं शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए जिले में 15 केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 9845 मतदाता वोट करेंगे। वोटिंग बैलेट पेपर से होगी। कुल 75 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। सुबह आठ बजे से ही इंग्राहम इंटर स्कूल में मतदान कर्मियों का पहुंचना शुरू हो गया था। एक बूथ पर पांच कर्मचारी तैनात रहेंगे। ऐसे में करीब साढ़े सौ तीन कर्मिक मतदान कराने में तैनात किए गए हैं। पोलिंग पार्टियों को मतदान पेटी, बैलेट पेपर, मतदाता सूची,ब्राससील, रबर स्टैम्प गोल वाली मुहर, कैनबास बैग, वोटिंग कम्पार्टमेंट, ग्रीन पेपर सील सामग्री दी गई है। इसके अलावा मतदान की वीडियोग्राफी के लिए वीडियो कैमरा भी पोलिंग पार्टियों को दिए गए हैं। शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए लोनी विधानसभा में एक, साहिबाबाद विधानसभा में दो, मुरादनगर विधानसभा में छह, गाजियाबाद विधानसभा में तीन और मोदीनगर विधानसभा के लिए तीन पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए लोनी विधानसभा में चार, साहिबाबाद विधानसभा में 17, मुरादनगर विधानसभा के लिए 21, गाजियाबाद विधानसभा के लिए 11 और मोदीनगर विधानसभा के लिए नौ पोलिंग पार्टियां रवाना की गई हैं। मतदान कर्मिको को चुनाव सामग्री, पहचान पत्र, वीडियो कैमरा आदि प्रदान किया गया।
इस मौके पर उप निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार, एडीएम न्यायिक अंजली गंगवार, एसडीएम सदर अजीत सिंह, परियोजना निदेशक प्रदीप पाण्डेय, डीपीआरओ जाहिद हुसैन आदि अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर पोलिंग पार्टियों को रवाना किया।