नई दिल्ली (युग करवट)। पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बातचीत की और उनकी बहादुरी को सराहा। कैप्टन स्मित मच्छार ही फ्लाईदुबई के उस विमान के पायलट थे, जिसे ओमान के सह-पायलट ने कथित तौर पर क्रैश करने की कोशिश की। फ्लाईदुबई की एफजेड1073 फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर हुए हमले में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज फोन पर बात की। बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित ने प्रधानमंत्री को उस खौफनाक घटना के बारे में बताया और यह भी साझा किया कि मुश्किल हालात में उन्हें हिम्मत कहां से मिली। करीब नौ मिनट चली वीडियो कॉल में पीएम मोदी और स्मित ने कठिन परिस्थिति में हौसला बनाए रखने, संस्कार और साहस से जुड़े पहलुओं पर बातचीत की।

कैप्टन स्मित फिलहाल संयुक्त अरब अमीरात में इलाज करा रहे हैं। पीएम मोदी ने बातचीत में उनकी बहादुरी की सराहना की और जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इससे पहले भी प्रधानमंत्री ने कैप्टन स्मित के साहस को लेकर सार्वजनिक रूप से उनकी तारीफ की थी।