बंगाल में ९१ से अधिक तो तमिलनाडू में 85 फीसदी मतदान
नई दिल्ली (युग करवट)। दो राज्यों के विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकार्ड मतदान हुआ। चुनाव आयोग ने इसे अब तक के इतिहास की सबसे अधिक वोटिंग करार दिया है। तमिलनाडु में 84.56 प्रतिशत मतदान जबकि पश्चिम बंगाल में 91.64 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। तमिलनाडु की सभी 234 सीट पर वोटिंग हुई। पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर पहले चरण के तहत वोट डाले गए। बंगाल चुनाव के पहले चरण में जनता 1478 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेगी। पश्चिम बंगाल में जहां टीएमसी और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला है। तमिलनाडु में भी डीएमके की अगुवाई वाले इंडिया गठबंधन और एआईएडीएमके-भाजपा के एनडीए के बीच टक्कर है। बंगाल में चुनावों के दौरान, अलग-अलग जिलों से तनाव और बवाल की खबरें आईं। तमिलनाडु में वोटिंग का काम शांतिपूर्ण और सुचारू ढंग से चलता रहा, जहां कई मशहूर हस्तियों और बड़े राजनेताओं ने अपने वोट डाले। तमिलनाडु में सभी 234 सीटों के लिए प्रतिनिधि चुनने के लिए एक ही चरण में वोटिंग हुई। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में इस बार आजादी के बाद से अब तक का सबसे ज्यादा मतदान हुआ है। यानी इन दोनों राज्यों में पहली बार इतना ज्यादा वोटिंग प्रतिशत दर्ज किया गया है।