50 कंपनी और 200 गाडिय़ों में तोडफ़ोड
नोएडा (युग करवट)। श्रमिकों द्वारा वेतन बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर हुई हिंसा और आगजनी को लेकर सीएम योगी ऐक्शन में आ गए हैं। सीएम योगी के निर्देश पर एक हाई लेवल कमेटी बनाई गई है। गठित इस कमेटी में श्रमिक संगठन के पांच और उद्यमी संघ के तीन प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। औद्योगिक विकास आयुक्त को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। प्रमुख सचिव डॉक्टर एमके शन्गुमा सुंदरम की ओर से सोमवार को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति के अध्यक्ष औद्योगिक विकास आयुक्त होंगे, जबकि अपर मुख्य सचिव (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग) तथा प्रमुख सचिव (श्रम एवं सेवायोजन विभाग) उसके सदस्य नामित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त सदस्य सचिव के रूप में श्रम आयुक्त (कानपुर-उप्र) को नामित किया गया है। श्रमिक संगठन के प्रतिनिधि के रूप में पांच सदस्य और उद्यमी संघ के प्रतिनिधि के तौर पर तीन सदस्य नामित किए जाएंगे। यह भी कहा गया कि निजी स्वार्थों या राजनीतिक उद्देश्यों से माहौल खराब करने के किसी भी प्रयास की गहन जांच की जाएगी। हाई लेवल कमेटी बातचीत करने के लिए नोएडा पहुंची। कमेटी के लोग यहां के अधिकारियों और विभिन्न संगठनों के लोगों के साथ बातचीत कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक बैठक जारी थी। सोमवार सुबह निजी कंपनियों के कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूर उग्र हो गए। नोएडा के सेक्टर 57 में 50 कंपनी और 200 गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ की गई है। एक कंपनी में आग लगाने की कोशिश की गई।
इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे के लिए लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारी कई सेक्टरों में जमकर उत्पात मचाते रहे। सेक्टर 57 में एक घंटे में प्रदर्शनकारियों ने करीब पचास कंपनियों और दो सौ गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ की है। उन्होंने कंपनी को आग लगाने की कोशिश भी की।