ग्रेटर नोएडा (युग करवट)। थाना रबूपुरा क्षेत्र स्थित चचूरा गांव के पास नहर में संदिग्ध परिस्थितियों में छलांग लगाने वाले युवक का सुराग नहीं मिल पाया है। घटना के बाद पुलिस टीम की मौजूदगी में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें युवक की तलाश कर रही हैं। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव प्राणगढ़ निवासी विजय (32) ने गंग नहर में छलांग लगा दी थी। घटना की जानकारी मिलने पर रबूपुरा पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया था लेकिन आज सुबह तक युवक का कोई पता नहीं चल सका है। युवक के पिता फूल सिंह ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आशंका जताई है कि उनका बेटा विजय नहर में नहाते समय डूब गया है। कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि युवक की तलाश लगातार जारी है।