xप्रभारी मंत्री ने पूर्व सांसद के निवास पर पुरानी यादों को किया ताजा
गाजियाबाद (युग करवट)। योगी सरकार में मंत्री एवं गाजियाबाद व रामपुर के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह का अपना एक अलग ही अंदाज है। वो सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलते हैं और पुराने साथियों को भी कभी नहीं भूलते। उनके साथ जिन पुराने नेताओं ने लंबे समय तक काम किया है या उनसे संबंध रहा है वो जरूर निभाते हैं।
गाजियाबाद के प्रभारी मंत्री बनने के बाद दूसरी बार शनिवार को गाजियाबाद पहुंचे प्रभारी मंत्री पूर्व सांसद डॉ. रमेश चंद तोमर के कविनगर स्थित निवास पर उनसे मुलाकात करने के लिए पहुंचे। डॉ. रमेश चंद तोमर ने इस मुलाकात की जानकारी किसी को नहीं दी थी और बहुत ही निकटतम लोग इस मौके पर मौजूद रहे। मेयर सुनीता दयाल, पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष विजय मोहन, भाजपा के मौजूदा वर्तमान अध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा के वरिष्ठ नेता लगातार कई बार पार्षद रहे एवं जीडीए बोर्ड मेंबर पवन गोयल, पूर्व पार्षद हिमांशु मित्तल, लालचंद शर्मा, अनिल समानिया, जगत चौधरी सहित कुछ खास लोग ही मौजूद रहे। मंत्री जी के आगमन के बाद पार्टी के महामंत्री एवं क्षेत्रीय मंडल अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी भी वहां पहुचे। प्रभारी मंत्री का आगमन बहुत ही निजी रहा और इसका अहसास प्रभारी मंत्री ने बातचीत के दौरान कराया। प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि पूर्व सांसद डॉ. रमेश चंद तोमर से उनके ४० साल पुराने संबंध हैं और इन ४० सालों में रमेश चंद तोमर का बहुत स्नेह उन्हें मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद का प्रभारी मंत्री बनने के बाद मैंने खुद चाहा कि पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर से मुलाकात की जाए और बात हुई और फिर यहां पर मैं आ गया।
उन्होंने बताया कि रमेश चंद तोमर बहुत पुराने पार्टी के पदाधिकारी हैं और लगातार चार बार गाजियाबाद का प्रतिनिधित्व लोकसभा में किया यह अपने आप में बहुत ही अहमियत रखता है। इस अवसर पर महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि वास्तव में डॉ. रमेश चंद तोमर चार बार तब सांसद रहे जब गाजियाबाद से लेकर गढ़ तक लोकसभा सीट थी। उनका यह भी कहना था कि हर गांव में वो पहुंचते थे और कार्यकर्ताओं को नाम से जानते थे। ये अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। आपको बता दें कि डॉ. रमेश चंद तोमर लगातार भाजपा के सांसद रहे और अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में उन्हें हाउसिंग बोर्ड का चेयरमैन भी बनाया गया, जो अपने आप में बहुत महत्वपूर्ण पद था। प्रभारी मंत्री के निवास पर पहुंचने पर पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर के बेटे विकास तोमर ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया। प्रभारी मंत्री भी निवास पर स्वागत से काफी गद्गद् दिखाई दिये और काफी समय उन्होंने निवास पर बिताया।
अन्य फोटो व समाचार पृष्ठ ८ पर