नई दिल्ली (युग करवट)। ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका को सीधी चेतावनी दी है कि खाड़ी क्षेत्र में अब किसी का बाहरी दखल बर्दाश्त नहीं होगा। मोजतबा ने सरकारी टीवी पर अपना संदेश जारी करते हुए सीधे शब्दों में कहा कि इस समुद्री रास्ते में अब दुश्मन की मनमानी और दखलंदाजी बिल्कुल नहीं चलेगी और इसे पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि फारस की खाड़ी में हरकत करने वाले बाहरी लोगों के लिए यहां कोई जगह नहीं है और जो बाज नहीं आया, उसे सीधे समंदर की गहराई में दफन कर दिया जाएगा। मोजतबा का यह संदेश ऐसे समय में आया है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के उस प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया, जिसमें नाकाबंदी हटाने की मांग की गई थी। दरअसल, ईरान ने शर्त रखी है कि जब तक यह नाकाबंदी खत्म नहीं होती, तब तक वह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का रास्ता नहीं खोलेगा। मार्च से ही यह रास्ता बंद है, जिसकी वजह से दुनिया भर में तेल की सप्लाई ठप हो गई है और ग्लोबल इकोनॉमी पर बहुत बुरा असर पड़ा है। खामेनेई ने अपने संदेश में कहा कि खाड़ी और होर्मुज के लिए अब एक नया दौर शुरू हो रहा है. उन्होंने भरोसा जताया कि इस इलाके के नए सिस्टम से न केवल शांति आएगी, बल्कि आसपास के देशों को आर्थिक फायदा भी मिलेगा। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि फारस की खाड़ी में अमेरिका की मौजूदगी ही असुरक्षा की सबसे बड़ी वजह है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अमेरिका के ठिकाने जब खुद की सुरक्षा नहीं कर पा रहे, तो वे दूसरों को क्या सुरक्षा देंगे।