गाजियाबाद (युग करवट)। नगर पालिका खोड़ा-मकनपुर में पेयजल व्यवस्था को लेकर राजनीति तेज हो गई है। सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष मोहिनी शर्मा द्वारा 4 ट्यूबवेल का उद्घाटन किए जाने के बाद इस मुद्दे ने तूल पकड़ लिया। इसी क्रम में आयोजित प्रेस वार्ता में पंडित अमरपाल शर्मा ने विकास कार्यों और उनके क्रियान्वयन पर कई सवाल खड़े किए।
प्रेस वार्ता में पंडित अमरपाल शर्मा ने कहा कि जिन कार्यों का उद्घाटन किया जा रहा है, उनमें से कई पहले ही पूरे हो चुके हैं। ऐसे में दोबारा उद्घाटन और प्रस्तावित शिलान्यास केवल जनता को भ्रमित करने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग 3 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन पहले ही डाली जा चुकी है और ट्यूबवेल भी स्थापित हैं, इसके बावजूद बार-बार उद्घाटन और शिलान्यास की घोषणाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका बोर्ड में पानी से संबंधित प्रस्ताव पास होने के बाद भी उसे लेकर विवाद खड़ा किया गया और कुछ लोगों द्वारा उसे अवैध बताने की कोशिश की गई, जिससे विकास कार्यों में अनावश्यक देरी हुई। पंडित अमरपाल शर्मा ने यह भी कहा कि नगर पालिका को मिलने वाला फंड जनता का पैसा होता है और इसका उपयोग पारदर्शिता के साथ होना चाहिए, न कि राजनीतिक श्रेय लेने के लिए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अमृत 2.0 जैसी योजनाओं का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है, लेकिन यदि इनका सही क्रियान्वयन न हो तो जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता। अंत में उन्होंने प्रशासन से अपील की कि विकास कार्यों में पारदर्शिता की जाए और बिना किसी राजनीतिक हस्तक्षेप के योजनाओं को धरातल पर उतारा जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को वास्तविक लाभ मिल सके। खोड़ा चेयरमैन मोहिनी शर्मा ने करीब २८ करोड़ की लागत से चार नलकूप को उद्घाटन किया है। यह चारों नलकूप खोड़ा के ७ वार्डों में लगाए गए हैं। लेकिन कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक सुनील कुमार शर्मा 16 तारीख को इन योजनाओं का शिलन्यास करेंगे। पूर्व विधायक अमर पाल शर्मा ने प्रेस वार्ता में के दौरान कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिन विकास कार्य के खोड़ा चेयरमैन मोहिनी शर्मा ने उद्घाटन कर दिए है फिर कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा किस योजना का शिलन्यास करने आ रहे है। खोड़ा की जनता को गुमराह किया जा रहा है। खोड़ा में यदि विकास कराया जाता है तो खोड़ा नगर पालिका के अधिकारियों को डराकर कार्य को रोका जा रहा है।
जिस कारण खोड़ा में विकास नही हो पा रहा है। कई बार लखनऊ में अधिकारियों को शिकायत करने के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है।
विकास के नाम पर मंत्री सुनील शर्मा ने लोगों के साथ धोखा किया है। पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा ने कहा कि खोड़ा को नरक बनाकर रख दिया है। उन्होने आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री सुनील शर्मा के नाम पर खोड़ा की एमएलसी जमीन पर कब्जा करते उन्हे बेचा जा रहा है। कोई सुनने वाला व देखने वाला नहीं है। खोड़ा की पेयजल की योजना जिलाधिकारी के आदेशानुसार 15वें वित्त आयोग से नगर पालिका परिषद खोड़ा मकनपुर के 17 वार्डों में पाइपलाइन डालने, ट्यूबवेल और भूमिगत जलाशय का प्रस्ताव तैयार किया गया था। इसकी ई-निविदा आमंत्रित कर कार्यों का कार्यों का आदेश जारी किया जा चुका है। अमरपाल शर्मा ने शासनादेश का हवाला देते हुए बताया कि नगर विकास के प्रमुख सचिव ने शासनादेश में स्पष्टï कहा है कि निकायों में अध्यक्ष ही सर्वोपरि है उसके द्वारा ही शिलान्यास और उद्घाटन कराये जाएंगे तथा अध्यक्ष द्वारा कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जा सकता है। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष मोहिनी शर्मा भी मौजूद रहीं और उन्होंने मीडिया को वो नलकूप भी दिखाए जिसका उद्घाटन उनके द्वारा हो चुका है और इसका शिलान्यास १६ अप्रैल को क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील शर्मा द्वारा किये जाने की बात चेयरमैन द्वारा मीडिया को बताई गई।