प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड की स्वॉट टीम के प्रभारी निरीक्षकर अनिल सिंह राजपूत की ने अपने सहयोगियों की मदïद से मौहम्मद रिजवान एवं मौहम्मद कैफ को गिरफ्तार करके न केवल छह मई को क्रासिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में हुई कैशवैन की डकैती का खुलासा कर दिया था बल्कि आठ लाख छह हजार कैश के अलावा वारदात में प्रयुक्त कार व हथियार भी बरामद कर लिये थे। खुलासे के लिये हुई पीसी में डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया था कि कैशवैन में रखे २७ लाख की रकम पर डाका डालने वाले चार डकैत पुलिस की पकड़ मे नहीं आये हैं। उनके ऊपर कमिश्नरेट पुलिस की और से ५०-५० हजार का ईनाम घोषित किया गया है।
सूत्रों की माने तो फिरोज, सुऐब, समीर व जुबेर नामक डकैतों पर ईनाम होते ही स्वॉट टीम प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह राजपूत की टीम अब उनके पीछेे पड़ गई है। सूत्रों की माने तो इन चारों ईनामी बदमाशों से जल्द ही मुठभेड़ हो सकती है। सूत्रों का यह भी कहना है कि चारों ईनामी बदमाश पुलिस के पहुंचने से पहले ही उस स्टेट को छोड़ रहे हैं कि जहां पर उन्होंने शरण ले रखी थी। ये डकैत अब तक यूपी, उत्तराखण्ड, बिहार, बंगाल और गोवा में छुपे रहे हैं। अब पुलिस की कई टीम चारों ईनामी बदमाशों की घेराबंदी के लिये वैज्ञानिक एवं भौतिक तकनीकि का सहारा ले रही है।