मुख्य आरोपी फैजान भागा दुबई
गाजियाबाद (युग करवट)। विभिन्न राज्यों में रहने वाले हजारों लोगों को ५००० करोड़ का चूना लगाने वाली कंपनी के निदेशकों एवंप्रबंधकों के खिलाफ कोर्ट के माध्यम से कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वादी एडवोकेट महेश कुमार वर्मा ने जिन निदेशकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है उनके नाम डॉक्टर फैजान खान निवासी सी-१३, सी ४ सैक्टर १३ नोएडा, उरोज अली खान निवासी ७६७ द्वतीय तल डीडीए फ्लैट मयूर विहार फेस २ दिल्ली, शमशाद अहमद निवासी १२९ पॉकेट सी, सी ९ डीडी पार्क नई दिल्ली, नजमा खान, सलाउदï्दीन, मौहम्मद जफर, मुकेश कुमार त्यागी, मौहम्मद जफर, हर्ष राजन तिवारी व पंकज सोनी सेठ आदि हैं। पुलिस के मुताबिक वादी ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया उपरोक्त व इनके साथियों ने लोगों को मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर भारत के विभिन्न राज्यों में रहने वाले हजारों लोगों की जीवन भर की कमाई यानि पांच हजार करोड़ से अधिक राशि हड़प ली। उसके बाद फर्जी तरीके से संचालित की जा रही कंपनियों को बंद करके फरार हो गये। कवि नगर थाने में वैदिक आयुरक्योर कंपनी और एक्सिस ई-कॉर्पोरेशन के खिलाफ पांच हजार करोड़ रुपये के बड़े घोटाले का मामला दर्ज किया गया है। अधिवक्ता महेश कुमार वर्मा की शिकायत पर दस लोगों को नामजद किया गया है। इन पर लोगों को निवेश के नाम पर ठगने का आरोप है। एसीपी कविनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि अधिवक्ता महेश कुमार वर्मा के मुताबिक कंपनियों ने नौ हजार रुपये की आईडी पर प्रतिमाह 1100 रुपये और घरेलू सामान पर 33 फीसदी छूट का वादा किया था। शुरुआत में निवेशकों को लाभ मिला, जिससे उनका विश्वास बढ़ा। पंकज सोनी सेठ ने गाजियाबाद में कई बैठकें आयोजित कीं। कंपनियों ने विश्वास जमाने के लिए ग्रोसरी की दुकानें भी खोलीं। निवेशकों से ग्रोसरी स्टोर के नाम पर लाखों रुपये के समझौते किए गए। बाद में कंपनियां धीरे-धीरे गायब हो गईं और निवेशकों का पैसा हड़प लिया। महेश वर्मा का आरोप है कि कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फैजान खान पर दुबई भाग गए हैं। वह व्हाट्सएप के माध्यम से वीडियो भेजकर निवेशकों को पैसे वापस मिलने का आश्वासन दे रहा है। हालांकि कंपनी ने अपना ऑनलाइन सिस्टम भी बंद कर दिया है।