वाराणसी (युग करवट)। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4बी के पास आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। गोली पत्थर से टकराने के बाद उसके छर्रे और गिट्टियां आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और लोगों की ओर उछल गईं, जिससे तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया। घायलों की पहचान निक्की गुप्ता, राम बाबू और विकास यादव के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल मंडलीय चिकित्सालय, कबीरचौरा भिजवाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत सामान्य बताई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब सात बजे हुई। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान पीएसी जवान की कार्बाइन से गलती से फायर हो गया।