नई दिल्ली (युग करवट)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने राज्य को करीब 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। साथ ही जोधपुर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन किया और संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत की। बालोतरा में विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पीएम मोदी का आभार जताया। उन्होंने एक्स पर वीडियो साझा किया और लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 480 करोड़ की लागत से निर्मित जोधपुर हवाई अड्डे के नए भव्य टर्मिनल भवन का उद्घाटन क्षेत्र के प्रगति पथ पर एक मील का पत्थर है। 23,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला यह आधुनिक टर्मिनल प्रति वर्ष 20 लाख यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने में सक्षम है।

राजस्थान की विरासत, झरोखों और मेहराबों से सुसज्जित यह भवन सतत विकास का अनुपम उदाहरण है। इस सौगात से मारवाड़ में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसरों को अभूतपूर्व विस्तार मिलेगा।