मकान, फर्श, टीवी-फ्रिज सभी की देनी होगी जानकारी
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। कल से देश भर में जनगणना शुरू होने जा रही है। इस चरण में सात मई से स्वगणना शुरू होगी यानि नागरिक खुद से निर्धारित वेबसाइट या लिंक पर जाकर अपना ब्यौरा दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा स्व गणना फ्लो चार्ट भी जारी किया है जिससे आसानी से आम जन अपना ब्यौरा दर्ज करा सकते है। स्वगणना में नागरिकों को 33 सवालों के जवाब का ब्यौरा देना होगा जो पारिवारिक सदस्यों, आवास की स्थिति, ऑर्थिक स्थिति का आंकलन करेंगे। इसके अलावा परिवार के मुखिया की बागडोर किस सदस्य के पास है इसकी भी जानकारी देनी होगी। एक बार फिर परिवार के मुखिया की जानकारी अपलोड कर दी गई तो दोबारा इसे बदला नहीं जा सकेगा। स्वगणना को लेकर डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने भी आम जन से अपील की है कि वह खुद से ब्यौरा दर्ज कराएं। इसके अलावा जारी किए गए स्वगणना फ्लो चार्ट में पोर्टल में प्रवेश की जानकारी दी गई है जिसमें पहले स्टेप पर पोर्टल में लॉग इन करना होगा। दूसरे स्थान पर परिवार के मुखिया का नाम, दस नम्बर का मोबाइल नम्बर, ईमेल आईडी दर्ज करनी होगी। एक परिवार के लिए एक ही मोबाइल नम्बर का उपयोग किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के बाद इस मोबाइल नम्बर बदला जाएगा। भाषा चयन करने के बाद इसे भी दोबारा नहीं बदला जाएगा, चौथे स्टेप पर जिले का नाम, पिनकोर्ड, स्थानीय क्षेत्र की जानकारी देनी होगी व पांचवे स्टपे पर आवास का मानचित्र का सटीक स्थान बताना होगा। इसके बाद मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना व प्रश्नावली अपडेट की जाएगी। इसके बाद एसई आर्डडी जनरेट की जाएगी जिसका मिलान प्रगणक के घर आने पर उन्हें देनी होगी ताकि दिए गए ब्यौरे को स्वीकार किया जा सके।
इन सवालों के देने होंगे जवाब
भवन संख्या, जनगणना घर संख्या, जो घर की विशिष्टï पहचान के लिए होगा, घर का फर्श टाइल्स, सीमेंट या लकड़ी का बना है, घर की दीवार ईंट, सीमेंट या लकड़ी से बनी हैं, घर की छत में इस्तेमाल में सामग्री, घर का उपयोग आवास, दुकान या अन्य किस कार्य के लिए उपयोग किया जा रहा है, घर नया है पुराना, घर कितना पुराना है,
परिवार में रहने वालों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, मुखिया का लिंग, यानि वह पुरूष है या महिला, परिवार के मुखिया अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य जाति से है, घर किराए का है खुद का, आवासीय कमरों की संख्या, परिवार में रहने वाले विवाहित दंपत्तियों की संख्या, पीने के पानी का मुख्य स्त्रोत, उपलब्धता, प्रकाश व्यवस्था जैसे बिजली, सौलर ऊर्जा या अन्य स्त्रोत, शौचालय की उपलब्धता, उसका प्रकार, अपशिष्टï जल निकासी व्यवस्था, स्नान सुविधा, रसोईघर, एलपीजी, पीएनजी कनेक्शन,खाना पकाने के लिए किस ईधन का उपयोग किया जाता है जैसे लकड़ी, गैस, बिजली या अन्य कोई, परिवार के पास रेडियो, ट्रांजिस्टर, टेलीविजन, इंटरनेट की उपलब्धता, लैपटॉप, कम्प्यूटर की उपलब्धता, टेलीफोन, मोबाइल, स्मार्ट फोन, साइकिल, स्कूटकर, मोटरसाइकिल, मोपेड, कार, जीप, वैन की उपलब्धता, परिवार में उपभोग किया जाने वाला मुख्य अनाज, मोबाइल नम्बर भी पूछा जाएगा।
इन सवालों के माध्यम से नागरिकों के जीवन स्तर, बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक-आर्थिक स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही हैं जिससे भविष्य में योजनाओं और नीतियों को बेहतर तरीके से तैयार किया जा सके।