नई दिल्ली (युग करवट)। होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते तेल सप्लाई अब भी बुरी तरह बाधित है। जहां ईरान और अमेरिका के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इस वजह से तेल की कीमतें लगातार ऊपर जा रही हैं। इस बीच इराक अब अपने खरीदारों, जिसमें भारत भी शामिल है, को अपने यहां से कच्चा तेल लेने के लिए भारी छूट दे रहा है। इराक ने इस महीने लोड होने वाले कच्चे तेल के कार्गो पर टर्म कॉन्ट्रैक्ट वाले खरीदारों के लिए कीमतों में बड़ी कटौती की है। हालांकि इसमें एक पेंच है अगर किसी देश को इराक का यह सस्ता तेल खरीदना है तो उसे फारस की खाड़ी के अंदर स्थित टर्मिनलों से तेल उठाने के लिए होर्मुज स्ट्रेट से होकर ही गुजरना होगा। यह जहाज और क्रू के लिए बेहद रिस्की होगा। फरवरी के अंत में संघर्ष बढऩे के बाद से होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते शिपिंग गंभीर रूप से प्रभावित हुई है. सोमवार को अमेरिका और ईरान के बीच फिर से हुई झड़पों ने चार हफ्ते के युद्धविराम की स्थिरता पर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं. हालांकि, मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में फंसे हुए जहाजों को निकालने की खातिर शुरू किए गए अमेरिकी ऑपरेशन को कुछ समय के लिए रोका जाता है।