नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। कमला नेहरू नगर स्थित आठवीं वाहिनी एनडीआरएफ में कल होने वाले कार्यक्रम में देश के गृहमंत्री अमित शाह शिरकत कर रहे हैं। गृह मंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी हो चुका है। इसके अनुसार कल सुबह आठ बजकर दस मिनट पर गृहमंत्री अमित शाह एनडीआरएफ में आयोजित होने वाली वार्षिक कलर परेड में हिस्सा लेंगे। जानकारी के अनुसार गृहमंत्री करीब पौने दो घंटे एनडीआरएफ परिसर में रूकेंगे जहां व परेड की सलामी के साथ-साथ शहीद स्थल पर श्रृद्घांजलि देंगे व जवानों को सम्बोधित भी करेंगे।
गृहमंत्री के कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं। शाह का हवाई जहाज दिल्ली से उडक़र एनडीआरएफ परिसर में बने हेलीपैड पर उतरेगा। ऐसे में उनके सडक़ मार्ग पर कोई अवरोध न हो, जगह-जगह पुलिस कर्मियों के अलावा प्रशासनिक अधिकारी भी इस दौरान तैनात किए जाएंगे। हालंाकि अमित शाह का मुख्य कार्यक्रम एनडीआरएफ में ही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी पूरी तरह से अलर्ट मोड में हैं।