गाजियाबाद (युग करवट)। इंदिरापुरम स्थित ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में लगी भीषण आग में नौ फ्लैट जलकर राख हो गए। इतना ही नहीं सोसायटी में आग बुझाने के संयत्र भी क्रियाशील नहीं थे, जो थे वह भी कम संख्या में थे, जिसकी वजह से आग बुझाने में भी देरी हुई भविष्य में इस तरह की घटना न हो इसके लिए अब जीडीए ने बोर्ड से परिचालन के माध्यम से सौ करोड़ रूपए अग्निशमन विभाग को जारी किए हैं।
यह धनराशि बहुमंजिला इमारतों में अग्निशमन सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के काम में लाई जाएगी। जीडीए वीसी जहां शहर के विकास को लेकर हमेशा तत्पर रहते हैं वहीं उन्होंने जनसुरक्षा को भी प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है ताकि इन हाईराइज सोसाटियों में रहने वाले लोगों की सहायता हो सके और ऐसी घटनाओं पर तत्काल राहत पाई जा सके। इसको लेकर दमकल एव आपात सेवा विभाग को धनराशि उपलब्ध कराने के लिए पत्र भी प्रेषित किया जा चुका है। प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित योजना के तहत करीब 102 मीटर ऊंचाई तक कार्य करने में सक्षम दो अत्याधुनिक हाईड्रोलिक प्लेटफॉर्म मशीन की व्यवस्था की जाएगी ताकि अत्याधिक ऊंचाई वाली इमारतों में आग लगने की स्थिति में त्वरित व सुरक्षित कार्रवाई की जा सके। जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल के मुताबिक यह यह कदम न केवल अग्निशमन विभाग की कार्यक्षमता को नई मजबूती प्रदान करेगा, बल्कि शहर को एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आपदा-प्रबंधन के लिए बेहतर रूप से तैयार बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।