गैरहाजिर अधिकारियों के खिलाफ नोटिस जारी
अग्निकांड की जांच को लेकर टीम गठित
गाजियाबाद (युग करवट)। कनावनी के बाद इंदिरापुरम की सोसायटी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद डीएम रविन्द्र कुमार मादंड़ ने 17 विभागों के अधिकारियों की बैठक बुलाई। इस बैठक में डीएम ने जहां घटना की जांच के लिए टीम गठित की है वहीं इस तरह की घटना दोबारा न हो इसके लिए सभी सोसायटियों की गहन जांच के भी निर्देश दिए हैं। इस बैठक में गैरहाजिर रहने वाले अधिकारियों को डीएम ने नोटिस जारी किए हैं।
जांच टीम में जीडीए सचिव अध्यक्ष , एडीएम फाइनेंस, सीएफओ और सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा सदस्य नामित किए गए हैं। डीएम ने इस दौरान कहा कि जनसुरक्षा से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आपदा प्रबंधन, अग्निशमन विभाग, जीडीए, नगर निगम द्वारा निर्धारित मानकों का अनुपालन कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है। बैठक में फ्लैट ओनर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया सोसायटियों में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से बालकनी विस्तार एवं अवैध पार्किंग का निर्माण कराया गया है जिसकी वजह से राहत कार्य प्रभावित होते हैं। सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन सहित हाई राइज सोसायटी में अतिरिक्त फायर स्टेशन बनाने की मांग रखी। वर्तमान में जिले में पांच फायर स्टेशन हैं और दो का निर्माण चल रहा है। इस दौरान आग की घटनाओं का प्रमुख कारण स्लम एवं रिहायशी क्षेत्रों में अवैध रूप से कबाड़ के कार्य किए जा रहे हैं। डीएम ने नगर निगम को निर्देश दिए हैं कि ऐसे कार्याे पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जाए व सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही लाइसेंस दिए जाएं। डीएम ने सम्बंधित विभागों को जिले के हाईराइज भवन स्लम क्षेत्रों, आवासीय परिसरों, औद्योगिक इकाईयों, होटल, मॉल, रेस्टोरेंट, व स्कूल कॉलेजों में अग्निशमन सुरक्षा मानकों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश के साथ ही लापरवाही पाए जाने पर नोटिस जारी कर कार्रवाई पर जोर दिया। साथ ही ऐसी घटनओं को लेकर संबंधित की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।