गाजियाबाद (युग करवट)। बढ़ते प्रदूषण और ईंधन की खपत को कम करने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए अब अधिकांश बैठकों को वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसकी जानकारी डीएम जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता के माध्यम से दी। डीएम ने इस संबंध में सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सरकारी कार्यों में अनावश्यक वाहनों के प्रयोग से बचने की अपील की है। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए प्रशासन को स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से कारों का कम उपयोग करने, वाहन साझा कर कार्यालय आने तथा संभव हो तो बाइक अथवा सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करने का आह्वान किया। प्रशासन का मानना है कि वर्चुअल बैठकों के माध्यम से समय की बचत के साथ-साथ ईंधन की खपत और प्रदूषण में भी कमी आएगी। इसके अलावा सडक़ पर वाहनों का दबाव घटने से यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा। जिला प्रशासन द्वारा आने वाले दिनों में पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत से जुड़े अन्य कदम भी उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है। प्रेस वार्ता में सीडीओ कुमार सौरभ, एडीएम इ त्योति मौर्या, एडीएम एफ सौरभ भट्ट, एडीएम सिटी विकास कश्यप व पीडी प्रदीप द्विवेदी मौजूद रहे।