उत्तर प्रदेश उद्यमी विकास संघ ने किया प्रदर्शनी का आयोजन
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। गाजियाबाद जिले की स्थापना दिवस के 50 वें वर्ष पर उत्तर प्रदेश उद्यमी विकास संघ द्वारा मेरठ रोड स्थित कार्यालय में एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जिसमें जिले की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेरठ मंडलायुक्त भानुचंद्र गोस्वामी, डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया जिसमें पोस्टर के माध्यम से जिले के इतिहास, औद्योगिक विकास की झलक दिखाई गई। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता पवन गोयल, उद्यमी नीरज सिंघल, मनोज शर्मा ने मंडलायुक्त और समरकूल के चेयरमैन संजीव गुप्ता, राजीव गुप्ता और अनुज ने डीएम का स्वागत किया। इस अवसर पर मंडलायुक्त ने कहा कि जिस तरह से उद्यमियों ने जिले के इतिहास को दर्शाते हुए प्रदर्शनी का आयोजन किया है वह सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि इसके लिए एक म्यूजिम बनाना चाहिए जिसमें जिले के इतिहास, उसकी प्रगति,औद्योगिक विकास को एकत्र किया जाना आवश्यक है ताकि आने वाली पीढ़ी इससे रूबरू हो सके। मंडलायुक्त ने कहा कि इससे युवा पीढ़ी को ना सिर्फ समझने का अवसर मिलेगा बल्कि हमेशा के लिए उनके मन में यह छाप अंकित हो जाएगी। क्योंकि इतिहास लिखना एक कला है। इससे व्यक्ति की सोच, विचार का भी प्रदर्शन होता है। किसी भी क्षेत्र का इतिहास पहले लिखने वाला विनर होता है। इसलिए जिले का इतिहास भी लिखा जाना चाहिए। डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कहा कि जिले के इतिहास के लिए म्यूजिम में ही नहीं बल्कि डिजीटाइलेशन के जरिए युवा पीढ़ी तक पहुंचाना चाहिए। भविष्य डिजीटल है, ऐसे में कम समय में यह अधिक लोगों की पहुंच में होगा। कार्यक्रम का संचालन करते हुए संघ के अध्यक्ष उपेन्द्र गोयल ने कहा कि म्यूजिम के लिए वह संघ की छत का प्रस्ताव प्रशासन के समक्ष रखेंगे। जिसमें कम लागत में बेहतर म्यूजिम बनकर तैयार हो सकेगा। कार्यक्रम में विभिन्न कंपनियों के उत्पादों के भी स्टॉल लगाए गए। इस अवसर पर पूर्व सांसद अनिल अग्रवाल, डीएलसी आशुतोष सिंह, संघ के उपाध्यक्ष मनजीत सिंह, महासचिव मनोज शर्मा, राजीव गुप्ता, संजीव सचदेवा, सीए राकेश छारिया, विश्वेन्द्र गोयल, बृजेश अग्रवाल,आलोक गर्ग, वीके अग्रवाल, गुलशन भाम्बरी, सुभाष गुप्ता आदि मौजूद रहे।