नोएडा (युग करवट)। सेक्टर-82 स्थित ईडब्ल्यूएस पॉकेट-सात सोसाइटी में लावारिस कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। एक बार फिर कुत्तों ने एक महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। कुत्ते के काटने से महिला के पैर में गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा। आसपास के लोगों ने किसी तरह महिला को कुत्तों से बचाया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद से सोसाइटी के लोगों में दहशत है। यहां एक सप्ताह के भीतर कुत्तों के काटने की यह तीसरी घटना बताई जा रही है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने बताया कि रविवार शाम को लावारिस कुत्तों ने फ्लैट नंबर 3/16 में रहने वाली नेहा कुमारी पर हमला कर दिया। कुत्तों ने उनके पैर को बुरी तरह काटकर जख्मी कर दिया। आसपास के लोगों की मदद से महिला को बचाया गया। इसके बाद उन्हें सीएचसी अस्पताल, सेक्टर-110 भंगेल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि महिला के पैर में गहरा घाव होने के कारण लगातार खून बह रहा था। घाव की गंभीरता को देखते हुए उसमें करीब 20 टांके लगाए गए हैं। राघवेंद्र दुबे ने आरोप लगाया कि सोसाइटी में लावारिस कुत्तों के हमलों को लेकर प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों से लगातार शिकायत की जा रही है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। एक सप्ताह में कुत्तों के काटने की तीन घटनाएं हो चुकी हैं।