गाजियाबाद (युग करवट)। ४१वीं वाहिनी पीएसी मे तैनात जवान कौशेंद्र राणा की पत्नी नेहा राणा निवासी खरोड़ा जारचा गौतमबुद्घनगर की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई थी। मृतका के पति ने उसे यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां चिकित्सकों ने नेहा राणा को मृत घोषित कर दिया। उसके बाद सिहानी गेट थाना पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाकर उक्त घटना की सूचना जारचा थाना पुलिस को दे दी। मृतका के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया उनकी पुत्री नेहा की शादी २०२१ में खरोड़ा जारचा निवासी कौशेंद्र राणा से हुइ थी। कौशेंद्र राणा दो दिन पहले ही नेहा को उनके यहां से अपने घर लेकर गया था। उसके बाद आरोपित व उसके परिजनों ने उनकी पुत्री नेहा को प्रताडि़त करने के बाद उसकी हत्या कर दी। इस संदर्भ में सिहानी गेट थाना पुलिस का कहना है कि यह मामला जारचा थाने का होने के कारण इसकी सूचना वहां की पुलिस को दे दी है।