गाजियाबाद (युग करवट)। वेव सिटी में एलआईजी आवासों का ड्रा रद्द होने पर आवेदकों ने आज नीलामी स्थल हिन्दी भवन और फिर बाद में जीडीए कार्यालय पहुंच कर जमकर हंगामा किया। वेव सिटी में 1080एलआईजी भवनों के लिए काफी समय से आवेदन किए जा रहे थे। हजारों की संख्या में आवेदकों ने आवास के लिए आवेदन किया था। 20 नवंबर को इसके लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने हिन्दी भवन में ड्रा निर्धारित किया था। आवेदकों को पूर्व में इसकी जानकारी दी गई थी। हालांकि 19 नवंबर को जीडीए की ओर से ड्रा स्थगित करने की सूचना जारी की गई थी। लेकिन बड़ी संख्या में आवेदक हिन्दी भवन पहुंचे, जहां उन्हें ड्रा रद्द होने की जानकारी मिली। जिसे सुनकर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। आवेदकों ने आरोप लगाया कि ड्रा रद्द होने की जानकारी सभी लोगों तक नहीं पहुंची।
बस एक नोटिस चस्पा कर औपचारिकता पूरी कर ली गई। सैंकड़ों की संख्या में पहुंचे आवेदकों ने हिन्दी भवन के गेट पर जमकर हंगामा किया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन पहले लोग जीडीए अधिकारियों को मौके पर ही बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान हंगामा कर रहे लोगों ने जाम लगाने का भी प्रयास किया लेकिन पुलिस ने तत्काल प्रभाव से लोगों को सडक़ से हटाकर जाम न लगाने की चेतावनी दी। मामले का कोई हल निकलता न देख प्रदर्शनकारी हिन्दी भवन से पैदल ही नारेबाजी करते हुए जीडीए कार्यालय पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों को देखते हुए कार्यालय के सुरक्षा कर्मियों ने जीडीए भवन के सभी गेटों पर ताला जड़ दिया। लेकिन प्रदर्शनकारी ताला खुलवाने और अधिकारियों से बात करने की मांग पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के मुख्य गेट जबरदस्ती खोलने का प्रयास भी किया। इस हंगामे के चलते कुछ देर के लिए रोड पर वाहनों का जाम लग गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आज ड्रा रद्द किया गया है तो उन्हें दूसरी तारीख क्यों नहीं बताई जा रही है। यहां तक की आवेदकों ने अपनी जमा धनराशि वापस दिलाने की भी मांग की। हंगामा बढ़ता देख जीडीए के अधिकारी वार्ता करने पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारी तत्काल समाधान निकालने की मांग पर अड़े रहे।