भारतीय उपमहाद्वीप का समृद्ध इतिहास इस बात का साक्षी है कि सनातन संस्कृति केवल एक उपासना पद्धति नहीं है। यह एक ऐसा विशाल वटवृक्ष है, जिसकी शीतल छांव में अनेक विचारधाराएं और धर्म पल्लवित हुए हैं। आज के दौर में इस विषय पर गहन चिंतन की आवश्यकता है। जब तक सनातन धर्म और उसकी मूल संस्कृति जीवित और सशक्त है, तभी तक बौद्ध, जैन, सिख धर्म और आर्य समाज जैसी परंपराएं भी अपने स्वतंत्र अस्तित्व के साथ सुरक्षित फलीफूली हैं। सनातन धर्म की सबसे बड़ी विशेषता इसकी समावेशी और उदार प्रकृति है। वसुधैव कुटुम्बकम और एक सद्विप्रा बहुधा वदन्ति के शाश्वत सिद्धांतों पर चलने वाली यह संस्कृति कभी भी विस्तारवादी मानसिकता से ग्रसित नहीं रही। इतिहास गवाह है कि सनातन परंपरा ने कभी तलवार के बल पर या किसी प्रलोभन के माध्यम से धर्मांतरण को बढ़ावा नहीं दिया। इसके विपरीत, इसने अपनी ही मिट्टी से जन्मे बौद्ध, जैन और सिख पंथों को न केवल पूरा सम्मान दिया, बल्कि उन्हें अपने साथ पोषित भी किया। सनातन समाज में इन सभी पंथों के प्रति जो स्वाभाविक आदर भाव है, वही इनके लिए सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। दूसरी ओर यदि हम अपने पड़ोसी और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के इतिहास पर नजर डालें तो एक गंभीर और चेतावनी भरी तस्वीर सामने आती है। अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश, इंडोनेशिया और मलेशिया जैसे भूभागों में कभी सनातन और बौद्ध संस्कृति अपने चरम पर थी। आज इन क्षेत्रों में सनातन संस्कृति या तो पूरी तरह लुप्त हो चुकी है या अपने अस्तित्व की अंतिम लड़ाई लड़ रही है। गौर करने वाली बात यह है कि जैसे ही इन क्षेत्रों से सनातन संस्कृति का आधार कमजोर हुआ, उसके तुरंत बाद वहां से बौद्ध धर्म भी धीरे-धीरे विलुप्त होने लगा। जो बौद्ध धर्म कभी पूरे एशिया में शांति और करुणा का संदेश लेकर तेजी से फैला था, वह आज उन्हीं क्षेत्रों से सिमट गया है जहां उसकी जड़ें सनातन संस्कृति से कटीं। यह ऐतिहासिक सत्य हमें यह सोचने पर विवश करता है कि भारतीय मूल के सभी धर्मों और पंथों की जड़ें एक ही हैं। प्रकृति का यह अटल नियम है कि यदि जड़ कमजोर होती है, तो उससे जुड़ी शाखाएं और पत्ते भी सुरक्षित नहीं रह सकते। आज समय की सबसे बड़ी मांग है कि बौद्ध, जैन, सिख, आर्य समाज और सनातन परंपरा के सभी अनुयायी इस गहरे और अटूट संबंध को समझें। आपसी छोटे-मोटे मतभेदों से ऊपर उठकर अपनी साझा विरासत, संस्कृति और सनातन मूल्यों की रक्षा करना ही इन सभी पंथों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की एकमात्र गारंटी है।