नोएडा (युग करवट)। थाना सेक्टर 142 क्षेत्र में आज सुबह हुए एक सडक़ हादसे में दो साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई है। थाना सेक्टर -142 के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि मूल रूप से बिहार के रहने वाले शनि मोदी अपने परिवार के साथ शाहदरा गांव में रहते हैं। उनका दो वर्षीय बेटा शिवराज आज सुबह को अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी वहां से पानी की सप्लाई करने वाला छोटा हाथी वाहन गुजरा। वाहन ने बच्चे को टक्कर मार दी। बच्चा पिछले टायर के नीचे आ गया। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए फेलिक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने वाहन को जप्त कर लिया है। वाहन चालक फरार है, उसकी तलाश की जा रही है। इस घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। भारी संख्या में लोग थाने पर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर वापस भेजा। इस घटना के बाद बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।