गाजियाबाद (युग करवट)। राष्ट्रीय लोकदल के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष केसी त्यागी प्रसिद्ध गजलकार एवं कवि दुष्यंत कुमार त्यागी की जन्मस्थली ग्राम राजपुर नवादा पहुंचे। उन्होंने दुष्यंत कुमार के स्मृति चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। केसी त्यागी ने कहा कि वह महान गजलकार दुष्यंत कुमार की जन्मस्थली को प्रणाम करते हैं, जिसने देश को इतना प्रसिद्ध साहित्यकार दिया।
दुष्यंत कुमार की रचनाएं आज भी पूरे देश में पढ़ी और गाई जाती हैं। उनकी साहित्यिक रचनाओं के माध्यम से वह सदैव लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेंगे। उन्होंने कहा कि दुष्यंत कुमार की जन्मस्थली पर उनके स्मरण में संग्रहालय बनाने के प्रयासों में वह हर संभव सहयोग करेंगे। उन्होंने ग्राम सिकरौड़ा, राजपुर नवादा, लालपुर कल्याणपुर रघुनाथपुर, कल्लरवाली जसपुर और हरेवली से पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त किया। एडवोकेट ब्रजराज सिंह, हनी तोमर, सरदार बुद्ध सिंह तेजबल त्यागी, हरेंद्र तोमर, कामेंद्र सिंह एडवोकेट, सतीश त्यागी, सुभाष त्यागी ब्रजवीर सिंह, चरण सिंह त्यागी, लटून सिंह, चौधरी ब्रजवीर सिंह रहे। इस अवसर पर पूर्व सांसद केसी त्यागी ने दुष्यंत त्यागी की कविताओं को सुनाकर उन्हें याद किया।