गैस सिलेण्डर, स्मार्ट टीवी, इनवर्टर भी नहीं छोड़ा
अब सीसीटीवी लगाए जाने की है तैयारी
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। पिछले सवा महीने में चोरों ने ताबड़तोड़ चोरी कर 13 परिषदीय स्कूलों को निशाना बनाया। चोर स्कूल से स्मार्ट टीवी, इनवर्टर तक तो उठा ले ही गए साथ ही छात्रों को वितरित होने वाले मिड डे मील का राशन और गैस सिलेण्डर तक उठा कर ले गए। इसकी वजह से कई दिन छात्रों को मिड डे मील मिलने में भी दिक्कतें हुई।
इस मामले को लेकर शिक्षक संघ ने जब आवाज उठाई तो एकसाथ इतने स्कूलों में चोरी होने की घटना से बेसिक शिक्षा विभाग में हडक़म्प मच गया। अब विभाग स्कूलों में सीसीटीवी लगाने और पीआरडी जवानों की तैनाती किए जाने को लेकर तैयारी कर रहा है। तीस सितम्बर को ही प्राथमिक विद्यालय सरना मुरानगर में चोरी हुई तो उससे पहले कम्पोजिट विद्यालय मीरपुर हिन्दू में भी चोरों ने सामान पर हाथ साफ कर दिया।
एक के बाद एक पिछले सवा महीने में चोरों ने स्कूलों को निशाना बनाया। अधिकतर स्कूल दोपहर बाद खाली हो जाते हैं, जो अगले दिन ही स्कूल टाइम में ओपन होते हैं। इसके अलावा अधिकतर स्कूल दुरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। ऐसे में चोरों ने स्कूलों का आसान निशाना बनाते हुए गैस सिलेण्डर से लेकर बर्तन आदि भी चोरी कर लिए। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष अनुज त्यागी ने बताया कि चोर लगातार स्कूलों को निशाना बना रहे हैं। बच्चों को पढ़ाने के लिए लगाए गए स्मार्ट टीवी, कम्प्यूटर, इनवर्टर ले जा रहे हैं तो वहीं बच्चों के राशन तक को भी नहीं छोड़ रहे हैं। इन घटनाओं से स्कूल में कार्यरत शिक्षक भी बेहद परेशान हैं। अब इस मामले में शिक्षक संघ के ज्ञापन देने के बाद शिक्षा विभाग की नींद खुली है।
शिक्षा विभाग के अधिकारी इन स्कूलों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेंगे तो वहीं स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और संवदेनशील क्षेत्रों के स्कूलों में पीआरडी जवान की तैनाती भी की जाएगी ताकि इन घटनाओं पर रोक लग सके। इसके अलावा सम्बंधित क्षेत्र की पुलिस भी अब इन मामलों की जांच करेगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
इन विद्यालयों में हुई चोरी
प्राथमिक विद्यालय सिकरानी,
प्राथमिक विद्यालय चिरौड़ी-1-2,
प्राथमिक विद्यालय खरखड़ी
प्राथमिक विद्यालय सकलपुरा
उच्च प्राथमिक विद्यालय चिरौड़ी
प्राथमिक विद्यालय मेवला भट्टी
प्राथमिक विद्यालय शकरपुरा-1
प्राथमिक विद्यालय भनेड़ा खुर्द
कम्पोजिट विद्यालय कोतवालपुर
प्राथमिक विद्यालय निस्तौली
कम्पोजिट विद्यालय अफजलपुर
प्राथमिक विद्यालय फारूखनगर
उच्च प्राथमिक विद्यालय निस्तौली